उत्तराखंड के इन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, रखें अपना ख्याल
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.![]()
देहरादून: उत्तराखंड में मानसूनी बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित हो रहा है. बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. वहीं बीते दिनों भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर बह रहे हैं. साथ ही कई संपर्क मार्गों पर लगातार भूस्खलन से मार्ग लगातार बाधित हो रहा है. जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मौसम विभाग ने आज फिर कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट: देहरादून मौसम केंद्र ने उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश गरज व चमक के साथ होने का अंदेशा जताया है. राज्य के देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है . राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने व तेज बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है.
देहरादून में ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज: वहीं राज्य के मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं गजान के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने बारिश को संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगों को सचेत रहने की अपील की है.वहीं बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. हल्की से मध्यम बारिश एक या दो दौर में हो सकती है, कुछ क्षेत्रों में दौर तीव्र/भारी होने की संभावना है, अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 32°C तथा 24°C के लगभग रहने की संभावना है.
भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित: गौर हो कि उत्तराखंड के कई इलाकों में झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. भारी बारिश के कारण ज्यादातर देखने को मिल रही हैं. जिससे सैलानियों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. रुद्रप्रयाग जनपद में बीते दिनों कई इलाकों में तेज बारिश आफत बनकर टूटी, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए या फिर मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो गए. मार्ग बाधित होने का असर केदारनाथ यात्रा पैदल मार्ग पर भी पड़ रहा है. वहीं आपदा को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर है.