October 16, 2026

“लहरा दो तिरंगा” पर रोक: 28 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात: 21 रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन, राजीव चौक से जंतर-मंतर तक कड़ी सुरक्षा

1200-675-27884163-thumbnail-16x9-aaa

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से जरूरी नहीं होने पर कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के सेंट्रल हिस्से में जाने से बचने की अपील की है.

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से शुक्रवार को प्रस्तावित “लहरा दो तिरंगा” यात्रा को लेकर नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली में तकरीबन 28 हजार सुरक्षकर्मी तैनात किए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने यात्रा की अनुमति नहीं दी है. इसके साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 लागू है. इसके तहत बिना अनुमति प्रदर्शन, मार्च या भीड़ जुटाने पर रोक है.

लहरा दो तिरंगा यात्रा के मद्देनजर कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर, संसद मार्ग व पालिका बाजार समेत लुटियंस दिल्ली के कई हिस्सों में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक तीन शिफ्टों में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं.

कनॉट प्लेस से जंतर-मंतर तक सुरक्षा घेरा: सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस के 6 हजार से अधिक जवानों के अतिरिक्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की करीब 220 कंपनियां व रैपिड एक्शन फोर्स की टुकड़ियां शामिल हैं. पड़ोसी जिलों से करीब 5 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है. कनॉट प्लेस व राजीव चौक के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है. इसके साथ ही प्रमुख स्थानों पर दंगा नियंत्रण व वज्र वाहन तैनात किए गए हैं. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी इलाके की निगरानी की जा रही है.

16 व 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद: कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 16 व 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रहेगा. पार्क के आसपास बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने और भीड़ जुटाने से बचने की अपील की है. पुलिस के मुताबिक नियमों का पालन करते हुए सीमित संख्या में लोगों को निर्धारित स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने व राष्ट्रगान की अनुमति दी जा सकती है.

दोपहर 3 बजे से ट्रैफिक पर असर: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है. करीब 21 प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है. इनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बाराखंभा रोड, केजी मार्ग, अशोक रोड, मिंटो रोड व तिलक मार्ग प्रमुख हैं. कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल व आउटर सर्कल के साथ आईटीओ, मंडी हाउस, इंडिया गेट और डीडीयू मार्ग जैसे इलाकों में भी वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है.

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से जरूरी नहीं होने पर कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के सेंट्रल हिस्से में जाने से बचने की अपील की है. यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने व संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. पुलिस के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन स्थिति सामान्य होने तक जरूरत के मुताबिक जारी रह सकते हैं.

Don’t Miss